तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, तीन युवकों की मौत

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी, जिससे कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रे रंग की कार इटारसी की ओर से आ रही थी। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में समा गई। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पथरोटा थाना क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन वहीं से संचालित किया गया।
हादसे के बाद एक स्थानीय युवक ने नहर में कूदकर लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। स्थिति गंभीर होने पर नर्मदापुरम से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को बाहर निकाला गया।
कार के अंदर तीनों युवक मृत मिले। एसडीआरएफ प्लेटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि युवकों ने बाहर निकलने के लिए कांच तोड़ने की कोशिश की थी, जिसके निशान मिले हैं। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि एक युवक की जेब से मिले पैन कार्ड से लक्की पटेल नाम सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













