मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 6 की मौत, 9 घायल

मथुरा। यूपी के मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतर गए थे। बस चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।
हादसे में सोनू निवासी औरैया, देवेश निवासी बस्ती, असलम निवासी कन्नौज और संतोष निवासी दिल्ली समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस कंटेनर चालक की तलाश में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में बस को असुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।













