मध्य प्रदेशसिंगरौली

2.5 साल से अधर में जिला न्यायालय के नए भवन का निर्माण, जर्जर इमारत में चल रहा काम

सिंगरौली। जिला मुख्यालय में प्रस्तावित नए जिला न्यायालय भवन का निर्माण कार्य पिछले लगभग ढाई वर्षों से फंड की कमी के कारण ठप पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य में हो रही देरी से अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और न्याय की उम्मीद लेकर आने वाले पक्षकारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जर्जर भवन में मंडरा रहा हादसे का खतरा
वर्तमान में जिला न्यायालय पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। भवन की दीवारें और छतें कमजोर हो चुकी हैं, जिससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी रहती है। सुरक्षा मानकों की कमी के बावजूद अधिवक्ता और कर्मचारी इसी असुरक्षित परिसर में काम करने को मजबूर हैं।

अधिवक्ता संघ ने जताया विरोध
निर्माण कार्य बंद होने और पुराने भवन की खराब स्थिति को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने नाराजगी जताई है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र देव पांडे ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से काम बंद रहने के कारण निर्माण स्थल पर रखी करोड़ों रुपये की सामग्री भी खराब होने लगी है।

राज्य मंत्री ने दिया भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि भोपाल स्तर पर फाइलों की जानकारी ली जा रही है और बजट स्वीकृति के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द पुनः शुरू कराया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button