असम सीएम के गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप, पाकिस्तान दौरे को लेकर उठाए सवाल

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2013 में पाकिस्तान दौरे के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस दौरे के दौरान गौरव गोगोई करीब 10 दिनों तक डिजिटल रूप से पूरी तरह खामोश रहे थे, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान गौरव गोगोई को शहरों में जाने की अनुमति पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा बदली गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कांग्रेस सांसद की गतिविधियों पर संदेह पैदा होता है और संभव है कि इस्लामाबाद में उनके प्रवास के दौरान किसी प्रकार के ‘ट्रेनिंग’ सत्र में शामिल हुए हों।
सीएम सरमा ने कहा कि दिसंबर 2013 में पाकिस्तान यात्रा के बाद गौरव गोगोई के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि 2014 में लोकसभा सांसद बनने के बाद गोगोई ने संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए, जिससे उनके संदेह को बल मिला है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उस समय गौरव गोगोई के पिता तरुण गोगोई असम के मुख्यमंत्री थे और पाकिस्तान दौरे के बाद गौरव गोगोई मुख्यमंत्री आवास में रहते थे, जिसे उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक बताया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख तथा गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ गोगोई से जुड़े मामलों को भी गंभीर बताते हुए कहा कि यदि किसी मौजूदा सांसद और कांग्रेस के उपनेता का किसी भी रूप में पाकिस्तान से संबंध सामने आता है, तो यह राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर विषय बन जाता है।
हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस या गौरव गोगोई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













