मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल खड़िया परियोजना की खदान में डोजर मशीन में लगी आग, चालक बाल-बाल बचा

सिंगरौली। जिले की एनसीएल खड़िया परियोजना की खदान में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खदान के अंदर काम कर रही एक डोजर मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में एनसीएल को करीब 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

समय रहते कूदकर चालक ने बचाई जान
घटना के समय डोजर मशीन का चालक मशीन के अंदर ही मौजूद था। आग लगते ही चालक झुलस गया, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते मशीन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
डोजर मशीन में आग लगने की यह घटना खड़िया परियोजना की खदान के अंदर हुई। इस हादसे के बाद एक बार फिर एनसीएल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। खनन क्षेत्र में भारी मशीनों की नियमित जांच और अग्नि सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है।

पीआरओ ने की घटना की पुष्टि
एनसीएल के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर रामविजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परियोजना के अंदर डोजर मशीन में अचानक आग लग गई थी। क्षतिग्रस्त मशीन को स्थानीय वर्कशॉप में ले जाया गया है, जहां उसकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
पीआरओ के अनुसार, एनसीएल प्रबंधन ने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रबंधन का प्रयास है कि डोजर मशीन को एक-दो दिनों में दोबारा चालू कर लिया जाए।

Author

Related Articles

Back to top button