मध्य प्रदेशसिंगरौली

विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना समृद्धि का बनेगी आधार: कुंवर सिंह टेकाम

निवास मंडल में योजना व केंद्रीय बजट पर कार्यशाला आयोजित

सिंगरौली। निवास मंडल के सामुदायिक भवन में रविवार को विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना एवं केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। मंडल अध्यक्ष श्रीमती इंदू साहू ने अतिथियों व उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य की जानकारी दी।

योजना से बढ़ेगा रोजगार, गांव होंगे समृद्ध
मुख्य वक्ता विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विकसित भारत ‘जी-राम-जी’ योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और समृद्धि का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से गांवों में अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी तथा ग्रामीण परिवारों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

विधायक ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से योजना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को इसके लाभों की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में जनभागीदारी बेहद जरूरी है और इस योजना से गांवों के समग्र विकास को नया आयाम मिलेगा।

125 दिन रोजगार और समय पर भुगतान का प्रावधान
विधायक टेकाम ने बताया कि पहले मनरेगा योजना के तहत परिवारों को 100 दिन का रोजगार मिलता था, जबकि नई योजना में पात्र परिवारों को 125 दिन रोजगार देने का प्रावधान किया गया है। साथ ही समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भुगतान में देरी होने पर पेनाल्टी का प्रावधान भी रखा गया है।

केंद्रीय बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को देगा मजबूती
कार्यशाला में विधायक टेकाम ने केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रावधानों और नीतियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे को विकसित करने और आमजन की समृद्धि सुनिश्चित करने वाला है। यह बजट गांवों के समग्र विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष इंदू विनोद साहू, जनपद सदस्य मीनू साहू, महामंत्री रामाधार विश्वकर्मा, कन्याकुमारी सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, संतोष जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष शिवलोचन पांडेय, मंडल मंत्री दिलीप जायसवाल, राज अग्रहरि, पार्वती प्रजापति, ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राम कैलाश साहू, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष बिन्नू सेन, सरपंच वृजलाल प्रजापति, अरुण कुमार साहू सहित संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button