ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

हनुमानताल क्षेत्र से दो सगी बहनें लापता, पुलिस की तलाश जारी

8 वर्षीय नेहा और 6 वर्षीय नंदिनी 16 जनवरी की शाम से गायब, इलाके में हड़कंप

जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमसागर इलाके से दो मासूम बच्चियों के अचानक लापता हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लापता बच्चियों की पहचान 8 वर्षीय नेहा वंशकार और 6 वर्षीय नंदिनी वंशकार के रूप में हुई है, जो 16 जनवरी की शाम घर से बिना बताए निकल गई थीं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

हनुमानताल थाना पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें शाम के समय घर से निकली थीं। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में स्वयं तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार खोजबीन के बावजूद बच्चियों का पता न चलने पर 17 जनवरी की रात उनकी मां मनोरमा वंशकार (29 वर्ष) और पिता रोहित वंशकार ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी है। बच्चियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस ने दोनों बच्चियों की तस्वीरें जारी करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इनके संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत हनुमानताल थाने को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चियों का पता लगाने के प्रयास तेज किए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button