नाले में फंसी गाय को क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने बचाया

सिंगरौली।कोयलखूंथ क्षेत्र में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्यों ने नाले में फंसी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। देर रात गाय नाले में गिर गई थी और पूरी रात वहीं फंसी रही। ठंड और दर्द के बीच गाय मदद की आस में तड़पती रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
सुबह खेत की ओर जाते समय अवध सिंह की नजर नाले में फंसी गाय पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपने साथियों और संगठन के सदस्यों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही संगठन के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नाला गहरा और फिसलन भरा होने से रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण था, फिर भी सभी ने मिलकर प्रयास किया।
संगठन के कुछ सदस्य नाले में उतरे और रस्सियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लंबे समय तक ठंडे पानी में रहने के कारण गाय के हाथ-पैर अकड़ गए थे। उसे राहत देने के लिए तत्काल अलाव जलाया गया, जिससे उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ।इस सराहनीय बचाव कार्य में अवध सिंह, हरिनारायण सिंह, विद्यापति शाह, सुरेश शाह, झुरई शाह, रामभजन शाह एवं सोनेलाल शाह का विशेष योगदान रहा। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।













