सीसीटीवी कैमरे व ट्रैफिक सिग्नल सुधार की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। शहर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों और बंद ट्रैफिक सिग्नलों की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर सुधार की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग सिंगरौली के संगठन मंत्री एवं अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने कलेक्टर सिंगरौली के प्रतिनिधि माइकल टीर्की को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं, जिससे अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
इसके साथ ही शहर के विभिन्न चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक सिग्नल भी बंद या खराब स्थिति में हैं। इससे यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित मौजूदगी नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन मंत्री उसैद हसन सिद्दीकी ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए तथा बंद ट्रैफिक सिग्नलों को दुरुस्त कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते हुए विभाग के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके।













