मध्य प्रदेशसिंगरौली

महाशिवरात्रि पर सामूहिक रामचरित मानस एवं शिव बारात का भव्य आयोजन 15–16 फरवरी को

सिंगरौली :महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री महाशिवरात्रि पूजा उत्सव समिति, दनवा बाबा महादेव मंदिर पचखोरा द्वारा दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति के तत्वावधान में 15 फरवरी 2026 को सामूहिक रामचरित मानस पाठ एवं शिव बारात तथा 16 फरवरी 2026 को हवन व भंडारा आयोजित होगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ 15 फरवरी को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं की सहभागिता से सामूहिक रामचरित मानस का पाठ किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के धर्मप्रेमीजन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। शाम को भगवान भोलेनाथ की आकर्षक शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें भगवान शिव-पार्वती की झांकी, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के साथ नगर भ्रमण किया जाएगा।

दूसरे दिन 16 फरवरी को प्रातः काल विशेष हवन-पूजन संपन्न होगा। हवन में क्षेत्र के श्रद्धालु आहुति देकर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करें तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है और व्यवस्था हेतु स्वयंसेवकों की टीम भी गठित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Author

Related Articles

Back to top button