डी.ए.वी. ककरी बना एनसीएल अंतरक्षेत्रीय संगीत प्रतियोगिता का चैंपियन

सिंगरौली-झिंगुरदह परियोजना में 9 और 10 फरवरी को आयोजित 8वीं एन.सी.एल. अंतरक्षेत्रीय संगीत प्रतियोगिता में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल ककरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सिंगरौली और अनपरा परिक्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में डी.ए.वी. ककरी के विद्यार्थियों ने अलग-अलग विधाओं में शानदार प्रस्तुति दी। तबला वादन में अर्जित मिश्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं कव्वाली गायन में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया।
लोकगीत गायन में श्रेया साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हारमोनियम वादन में ओम अग्रवाल को द्वितीय स्थान मिला। भजन गायन में तृप्ति मालवीय ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
सभी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर डी.ए.वी. ककरी को प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। विद्यालय ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है।इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या रचना दुबे ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगीत अनुशासन और साधना का माध्यम है तथा विद्यार्थियों की मेहनत और संगीताचार्य डॉ. गौरव मिश्रा के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











