मध्य प्रदेशसिंगरौली

रेत माफियाओं पर सरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख से अधिक की अवैध रेत सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

 

सिंगरौली- अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सरई पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात सूचना मिली थी कि सरई थाना क्षेत्र के ग्राम जमगड़ी रेलवे पुल के पास शासकीय खनिज संपदा रेत का अवैध उत्खनन कर उसे निजी लाभ के लिए परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बिना नंबर का नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर पकड़ा, जिसमें अवैध रेत से भरी ट्रॉली लोड थी। पुलिस ने वाहन और रेत को मौके से जब्त कर लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 78/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये तथा रेत की कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। जब्त वाहन को सरई थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन स्वामी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रैक्टर के राजसात की कार्रवाई के लिए अलग से प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक अनुराग मिश्रा, आरक्षक ओंकारनाथ कुशवाहा, हरिभजन सिंह, रिंकू धाकड़, तेजभान सिंह और संतोष राठौर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button