विस्थापितों की समस्याओं को लेकर विधायक मेश्राम ने अधिकारियों संग की बैठक, मुआवजा विसंगतियों पर हुई चर्चा

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित ईएमआईएल बंधा कोल ब्लॉक कार्यालय शृंगावली होटल में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने बंधा, पिड़रवाह एवं देवरी पचौर क्षेत्र के विस्थापितों और बिरला कंपनी के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विस्थापन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, मुआवजे में आई त्रुटियों और लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि बंधा कोल ब्लॉक क्षेत्र में विस्थापित परिवारों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें मुआवजा वितरण में विसंगतियां और पुनर्वास से संबंधित समस्याएं प्रमुख हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्थापितों को उनका उचित अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधायक मेश्राम ने कहा कि क्षेत्रवासियों के हितों की सुरक्षा के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी विस्थापित परिवारों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने विस्थापितों से भी उनकी समस्याओं को खुलकर रखने का आग्रह किया, ताकि उनका समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।
वहीं बैठक में मौजूद कंपनी अधिकारियों ने विस्थापितों को आश्वस्त किया कि यदि मुआवजे अथवा पुनर्वास से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि बिरला कंपनी अन्य क्षेत्रों में भी विस्थापितों के हितों का ध्यान रखती रही है और सिंगरौली क्षेत्र में भी प्रभावित परिवारों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित विस्थापित परिवारों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें विधायक एवं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को दर्ज कर उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। बैठक को विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।











