बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में सनसनीखेज डबल मर्डर, पूजा के बहाने बुलाकर कर दिया सिर धड़ से अलग

अंधविश्वास और मानसिक तनाव में युवक ने पड़ोसियों को उतारा मौत के घाट, बीच-बचाव करने आए दो लोग भी घायल

सिंगरौली। जिले के अटरवा गांव में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। एक युवक ने पूजा-पाठ के बहाने अपने पड़ोसियों को घर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह सनसनीखेज घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। आरोपी छत्रपति सिंह (21) ने पड़ोस में रहने वाली फूल कुमारी सिंह (50) और केमला सिंह (65) को पूजा-पाठ के लिए अपने घर बुलाया था। बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान ही आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने दोनों का सिर धड़ से अलग कर दिया।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों पर भी किया हमला
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपी हिरासत में, अंधविश्वास से जुड़ा मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। एसपी मनीष खत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का संबंध अंधविश्वास और जादू-टोना से जुड़ा सामने आ रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पत्नी के मिसकैरेज के बाद तनाव में था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब छह महीनों से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया था, जिसके बाद वह खुद को देवी-देवताओं के नाराज होने की बात मानने लगा था। इसी सोच के चलते उसने पूजा-पाठ का आयोजन किया और वारदात को अंजाम दे दिया। घटनास्थल से पूजा से संबंधित सामग्री जैसे नारियल और अगरबत्ती भी बरामद की गई है।

गांव में दहशत, जुटी भारी भीड़
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button