एनटीपीसी-विंध्याचल में चार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामयी विदाई

सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल परियोजना में 31 जनवरी 2026 को दीर्घकालीन सेवाएं प्रदान करने के उपरांत चार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों में आनंद कुमार, उप प्रबंधक (फ्यूल हैंडलिंग), बंशी राम, सहायक प्रबंधक (बीएमडी), गोरे लाल, उप अभियंता (प्रचालन) तथा रमाकांत, प्रचालक (मानव संसाधन) शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सूर्या भवन परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ वृक्षारोपण से हुई। इसके पश्चात उमंग भवन के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में एनटीपीसी-विंध्याचल प्रबंधन द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने भी उनका अभिनंदन किया।इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा ने कहा कि एनटीपीसी-विंध्याचल को वर्तमान ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
महाप्रबंधक एम. सुरेश ने सभी को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।सम्मान स्वरूप सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह एवं दीर्घ सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी के साथ बिताए समय को अविस्मरणीय बताया।इस अवसर पर अधिकारीगण, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।












