अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सिंगरौली पुलिस ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सिंगरौली। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सिंगरौली जिले में पुलिस विभाग द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन पचौर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में योगाभ्यास कराया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ आयु के लिए योग) रही। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन पचौर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान एलसीडी एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। योगा फाउंडेशन सिंगरौली की प्रशिक्षक भूमिका सोनी और कल्पना सिंह परिहार ने योगाभ्यास का संचालन किया। उनके निर्देशन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, थाना प्रभारी अनिल पटेल, दीपेन्द्र सिंह, आराधना सिंह परिहार, शीतला यादव, सूबेदार आशीष तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।













