सीधी
अब सीधी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा : मुख्यमंत्री,मुख्यमंत्री ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र में लगाई सौगातों की झडी…

अब सीधी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा : मुख्यमंत्री,मुख्यमंत्री ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र में लगाई सौगातों की झडी…
सीधी
कल शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में आयोजित विशाल जनसभा में कहा कि सीधी जिले में विकास के सभी कार्य कराये जायेगें। अब सीधी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा। सीधी और सिहावल के लोगों के प्रेम ने मेरा दिल जीत लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिहावल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सभी मांगे पूरी की जायेगी। देवसर में पूर्णकालिक अपर कलेक्टर कोर्ट खुलेगा, बहरी में अगले शिक्षा सत्र से महाविद्यालय खुलेगा। सिहावल कालेज में विज्ञान और वाणिज्य संकाय को मंजूरी दी जाती है। मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बहरी के सिविल अस्पताल में उन्नयन तथा ग्राम सरौधा, पोखरा, जुड़वार और हर्राविरान में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जेठुला से खुरमुचा रोड तथा लौआर से बिछरी रोड पर गोपद नदी में पुल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सोनगढ़ रोड में महान नदी पर रपटा बनाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमना सीतापुर लिफ्ट एरिगेशन परियोजना से सिहावल क्षेत्र के गांव में भी सिंचाई के लिए पानी दिया जायेगा। चुरहट से चितरंगी के लिए 2 लेन सड़क निर्माण किया जायेगा। इसके लिए 129 करोड़ रूपये मंजूर किये जाते हैं। हमारी सरकार किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री का बहरी पहुंचने पर परम्परागत आदिवासी शैला और गुदुम नृत्य से स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 201 करोड़ 64 लाख रुपये के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 68 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 179 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 133 करोड़ 62 लाख रुपये लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘‘एक बगिया मां के नाम‘‘ योजना में 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रूपये की राशि से लाभान्वित किया।
समारोह में विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आज सिहावल विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुत हर्ष का दिन है मुख्यमंत्री ने सिहावल को विकास कार्यों की सौगातें देकर विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। विधायक पाठक ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगे रखी।
समारोह में सांसद सीधी डाॅ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले में महुआ और कटहल का बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है इनके प्रसंस्करण के उद्योग लगाये जायें। सिंगरौली से सरई व्यौहारी होते हुए कटनी तक 2 लेन सड़क का निर्माण किया जाये तथा सीधी में ट्रांसफार्मर डिपो स्थापित किया जाये।
समारोह में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक देवसर राजेन्द्र मेश्राम, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, पूर्व विधायक चुरहट शरदेन्दु तिवारी, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश, पार्टीपदाधिकारी राजेश पाण्डेय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कान्तदेव सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान, अजय पाठक तथा हजारों आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंच संचालन डाॅ. संदीप पाण्डेय प्राध्यापक शासकीय इंजीनियरिंग काॅलेज रीवा तथा वीरेन्द्र सिंह प्राचार्य हाईस्कूल अमेढ़िया द्वारा किया गया।













