रीवा में 500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया पटवारी, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर कर्चुलियान तहसील के बरेही हल्का के पटवारी नवीन गुप्ता को 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार, 6 दिसंबर को अंजाम दी गई।जानकारी के अनुसार मामला भूमि नामांतरण से जुड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता ने 4 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन के नामांतरण के बदले पटवारी द्वारा 2000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत की सत्यता की जांच लोकायुक्त संभाग रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के निर्देश पर कराई गई, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम गठित कर शनिवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई।जैसे ही पटवारी ने 500 रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे नोटों के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई।
अभियुक्त के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप दल में प्रमुख रूप से निरीक्षक उपेंद्र दुबे एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार शामिल रहे। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













