एनटीपीसी सिंगरौली में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

सिंगरौली। एनटीपीसी सिंगरौली में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
आवासीय परिसर स्थित डॉ. अंबेडकर भवन में आयोजित योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक संजीव कुमार ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन जीने की समग्र जीवनशैली है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और इसके लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (परियोजना) रश्मिरंजन मोहंती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, वनिता समाज की सदस्याएं, कर्मचारी परिवार एवं यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।











