मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन में लगे ट्रैक्टर को किया जब्त, मामला दर्ज

सिंगरौली-अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चितरंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत सहित जब्त की है। जब्त किए गए मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 3 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंहा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राहुल सैयाम की सतत निगरानी में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी अनुसार दिनांक 20 जनवरी को थाना प्रभारी चितरंगी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि खम्हरिया-रेही की ओर से एक नीले रंग का पावर ट्रैक ट्रैक्टर अवैध रूप से महान नदी से रेत भरकर ग्राम कर्थुआ पराई की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को कर्थुआ बीट में रवाना किया गया। पुलिस टीम ने कर्थुआ मेन रोड पर ट्रैक्टर को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने स्वीकार किया कि रेत महान नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर लोड की गई थी। पुलिस ने गवाहों के समक्ष नीले रंग का पावर ट्रैक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। आरोपी चालक के विरुद्ध थाना चितरंगी में धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उपनिरीक्षक आर.के. वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद साकेत, प्रधान आरक्षक कैलाश सिंह, आरक्षक वीर प्रताप सिंह, सचिन शुक्ला एवं शिवकुमार पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button