विधानसभा परिसर में चोरों ने काट दिए चंदन के पेड़, सुरक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल

भोपाल। राजधानी स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। विधानसभा के अंदर चोरों ने देर रात चंदन का एक पेड़ इलेक्ट्रिक कटर से काटकर जमीन पर गिरा दिया, जबकि दो अन्य पेड़ों पर भी कटर के निशान पाए गए हैं। चोर पेड़ को काट तो गए, लेकिन उसे परिसर से बाहर ले जाने में विफल रहे। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब विधानसभा का सत्र चल रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।एमपी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह तय नहीं हो सका है कि प्रकरण चोरी दर्ज किया जाए या चोरी के प्रयास का, क्योंकि कटे हुए पेड़ को ले जाया नहीं जा सका। पुलिस ने परिसर की सुरक्षा फुटेज, प्रवेश मार्गों और संभावित भागने के रास्तों की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विधानसभा सत्र के दौरान परिसर में एक आईपीएस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस और SAF जवानों की तैनाती रहती है। बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति परिसर में प्रवेश नहीं कर सकता। ऐसे में चोरों का बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर पहुंचना और कटर से पेड़ काटना सुरक्षा तंत्र की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। मामले ने प्रदेश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारत की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।













