एसडीएम आवास के साये में करोड़ों की चोरी
नाथ बाबा मंदिर से सफेद चंदन के दो बेशकीमती पेड़ गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बक्सर (बिहार)।बिहार प्रदेश के बक्सर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। शहर के प्रसिद्ध नाथ बाबा मंदिर परिसर से शातिर चोर दो बेशकीमती सफेद चंदन के पेड़ चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना मंदिर से सटे एसडीएम आवास की चहारदीवारी फांदकर की गई, जिससे प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह चोरी रविवार देर रात मध्य रात्रि के बाद की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने पूरी योजना के तहत मंदिर परिसर में लगे दोनों सफेद चंदन के पेड़ों को काटा और लकड़ियों को चहारदीवारी के बाहर ले जाकर फरार हो गए। इन दोनों सफेद चंदन के पेड़ों की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सुबह जब मंदिर परिसर में लोग पहुंचे, तब इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ और इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि नाथ बाबा मंदिर के ठीक बगल में एसडीएम का सरकारी आवास स्थित है, जहां आमतौर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों का इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि प्रशासनिक चौकसी पर भी सवालिया निशान लगाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासनिक आवास के इतने करीब इस तरह की चोरी हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या भरोसा।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और चंदन की लकड़ियां कहां ले जाई गईं।
नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने फोन पर बताया कि आवेदन में उल्लेख है कि देर रात नींद खुलने पर कुछ लोगों ने संदिग्ध व्यक्तियों को सफेद चंदन की लकड़ियां चहारदीवारी से बाहर ले जाते हुए देखा था। इसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी फिलहाल मीडिया के सामने खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग इसे प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी मान रहे हैं। सफेद चंदन जैसी कीमती संपत्ति की चोरी न केवल आर्थिक अपराध है, बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक को भी उजागर करती है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी करती है और क्या इस हाई-प्रोफाइल चोरी के पीछे संगठित गिरोह का हाथ है।













