मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में हितग्राही महिला ने लगाया बैंक ऑफ बड़ौदा पर लोन राशि हड़पने का आरोप

सिंगरौली। जिले के के बिहार गांव की रहने वाली एक गरीब हितग्राही महिला ने बैंक ऑफ बड़ौदा पर बकरी पालन के लिए स्वीकृत लोन राशि में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला लाली बाई ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

मंजूर हुए 46 हजार, मिले सिर्फ 36 हजार
लाली बाई ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजना के तहत 11 बकरियों की खरीद के लिए आवेदन किया था। विभाग ने उनकी फाइल स्वीकृत करते हुए 46,473 रुपये का लोन मंजूर किया था, जो बैंक खाते में ट्रांसफर भी कर दिया गया था।
पीड़िता के पति लाली प्रसाद रावत के अनुसार, यह राशि नवंबर 2025 में बैंक पहुंच गई थी, लेकिन जनवरी 2026 में बैंक द्वारा केवल 36 हजार रुपये का भुगतान किया गया। शेष राशि के बारे में पूछने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

मैनेजर पर गैर-जिम्मेदाराना जवाब देने का आरोप

हितग्राही का आरोप है कि जब वे अपनी बची हुई राशि मांगने बैंक मैनेजर के पास पहुंचे, तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि “पैसा गड्ढे में चला गया है” और अब वापस नहीं मिलेगा। पीड़िता का कहना है कि उनके नाम पर बैंक का कर्ज चढ़ चुका है, लेकिन पूरी राशि नहीं मिलने से वे अब तक बकरियां नहीं खरीद पाईं, जिससे उनका स्वरोजगार शुरू होने से पहले ही प्रभावित हो गया।

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग रविंद्र जायसवाल ने बताया कि मामले से जिला पंचायत सीईओ जगदीश गमे को अवगत करा दिया गया है। प्रशासन के निर्देश पर लीड बैंक मैनेजर को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने को कहा गया है।
हालांकि, मामले में पक्ष जानने के लिए लीड बैंक मैनेजर रंजीत कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अब हितग्राही को प्रशासनिक जांच और न्याय का इंतजार है।

Author

Related Articles

Back to top button