मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में ‘नो टॉलरेंस’ अभियान तेज, अवैध रेत-राखड़ परिवहन पर प्रशासन की सख्ती

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत एवं राखड़ परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सघन प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश तथा परिवहन विभाग की निगरानी में यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों का पालन अनिवार्य है और सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय नागरिकों, मीडिया रिपोर्ट और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों के आधार पर अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। खास तौर पर सराई थाना से निगरी चौकी तक के मार्ग को हाई अलर्ट जोन घोषित कर विशेष निगरानी की जा रही है। बताया जा रहा है कि भसेड़ी–जमगढ़ी क्षेत्र से बिना वैध ट्रांजिट पास (टीपी) अथवा एक ही टीपी का बार-बार उपयोग कर बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों द्वारा रेत परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

अभियान के तहत बिना तिरपाल खुले में सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही ओवरलोड वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई, वैध टीपी, पीयूसी और अन्य दस्तावेजों की अनिवार्य जांच तथा प्रदूषण मानकों के पालन की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में असहयोग करने वालों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

प्रवर्तन के लिए कुछ प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया है, जिनमें मुड़वानी से झूराई नाला, परसौना चौकी से तीनगुड़ी चौकी होते हुए बंधा–पचौर–उज्जैनी मार्ग तथा सराई थाना से निगरी चौकी तक का क्षेत्र शामिल है।

अभियान के दौरान लगभग 11.30 लाख रुपये का शासकीय राजस्व भी वसूल किया गया है, जिसे प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई का परिणाम बताया है। अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य अवैध परिवहन पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button