मध्य प्रदेशसिंगरौली

युवक के साथ मारपीट व लूट का आरोप, पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित असंतुष्ट

सिंगरौली। बैढ़न क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित रामप्रकाश वैश्य ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत कर आरोप लगाया है कि गंभीर मामले में पुलिस ने हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है।रामप्रकाश वैश्य के अनुसार, यह घटना 9 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे तहसील परिसर के पास हुई। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के साथ ही जेब से पैसे भी छीन लिए।

अस्पताल में भर्ती, आरोपियों से डरा परिवार
घटना के बाद घायल रामप्रकाश को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने थाने में मारपीट और लूट की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने जान से मारने की कोशिश और लूटपाट जैसी गंभीर धाराएं नहीं जोड़ीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उनका परिवार भयभीत है।

मारपीट का वीडियो सामने आया, पुलिस कर रही जांच
मामले में मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के पास मारपीट का वीडियो भी पहुंचा है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button