हिंडालको महान एल्युमिनियम द्वारा कृषि प्रशिक्षण, किसानों को लाभकारी खेती की दी जानकारी

सिंगरौली। ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में हिंडालको महान एल्युमिनियम द्वारा सीएसआर के अंतर्गत बड़ोखर, पोखरा एवं जोबगढ़ ग्रामों में कृषि आधारित आजीविका प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रीवा के कृषि प्रशिक्षक एवं उद्यमी विपिन तिवारी ने किसानों को उच्च मूल्य वाली फसलों की वैज्ञानिक खेती की विधियां बताईं। उन्होंने रेड केला, पपीता, चिया सीड्स, अरंडी तथा बड़े पैमाने पर मशरूम उत्पादन से जुड़ी उन्नत तकनीक, लागत प्रबंधन एवं बाजार संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को बताया गया कि यह पहल “बीज से बाजार तक” 360 डिग्री मॉडल पर आधारित है। इसके तहत किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ सहयोग देने तथा उपज के विपणन से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
वर्तमान में इस योजना को पायलट आधार पर संचालित किया जा रहा है। योजना के सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद इसे अन्य ग्रामों में भी विस्तारित करने की तैयारी की जा रही है। महान एल्युमिनियम की यह पहल खेती को लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













