मध्य प्रदेशसिंगरौली

साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की बैठक सम्पन्न

सिंगरौली। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के नेतृत्व में धर्मगुरुओं, सामाजिक संस्थाओं, व्यापार मंडल एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया और नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने की सहमति जताई।

चर्चा के दौरान सुझाव दिया गया कि प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग समूह बनाए जाएं, जिनमें संबंधित पार्षद, निगम अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहें। इन समूहों के माध्यम से वार्ड स्तर की समस्याओं की जानकारी तुरंत साझा कर उनका समाधान किया जा सके।

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित करने, कचरा शुल्क समय पर लेने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की आवश्यकता भी बताई गई।बैठक में यह भी कहा गया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। सभी ने स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

 

Author

Related Articles

Back to top button