साइबर जागरूकता अभियान का असर: गुम मोबाइल मिलने पर युवक ने साइबर सेल को सौंपा, मालिक को वापस मिला फोन

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला है। अभियान से प्रेरित होकर एक युवक ने रास्ते में मिला गुम मोबाइल ईमानदारी से साइबर सेल को सौंप दिया, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को वापस कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भुड़कुड़, पोस्ट रजमिलान, तहसील माड़ा निवासी अनंत लाल पनिका को 3 मार्च 2026 को थाना नवानगर क्षेत्र में एक गुम हुआ मोबाइल फोन मिला था। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना साइबर सेल सिंगरौली को दी।
इसके बाद साइबर सेल सिंगरौली ने मोबाइल के वास्तविक स्वामी का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अनंत लाल पनिका ने ईमानदारी का परिचय देते हुए 6 मार्च 2026 को उक्त मोबाइल साइबर सेल को सौंप दिया, ताकि जांच के बाद इसे उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल में शुक्रवार को मोबाइल के स्वामी राजबहादुर प्रजापति को उनका मोबाइल वापस सौंप दिया गया।सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को गुम हुआ मोबाइल या अन्य सामान मिलता है तो उसे नजदीकी थाने में जमा कराएं, ताकि वास्तविक मालिक को उसका सामान वापस मिल सके और समाज में ईमानदारी व सहयोग की भावना मजबूत हो।













