मंत्री राधा सिंह के निवास पर होली मिलन समारोह, भाईचारे और एकता का दिया संदेश

सिंगरौली। जिले के चितरंगी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह के निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रंगों के इस महापर्व पर मंत्री निवास पर दिनभर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राधा सिंह पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ अबीर-गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। ढोल-नगाड़ों की धुन पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर नृत्य भी किया। उनके सहज और मिलनसार व्यवहार ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री राधा सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, स्नेह और सद्भावना का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मनमुटाव भुलाकर भाईचारे और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
होली मिलन समारोह में चितरंगी तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, टीआई सुधेश तिवारी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता व अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला और ब्लॉक स्तर के भाजपा पदाधिकारी तथा आमजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।













