देश विदेश

शिक्षा को डिजिटल पंख: इनर व्हील चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल ने महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल को भेंट किए 4 लैपटॉप

मनोज शर्मा

चंडीगढ़। समाजसेवा में अग्रणी संस्था ‘इनर व्हील चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल’ ने शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल को चार लैपटॉप भेंट किए। कायरा होप फाउंडेशन के सहयोग से उपलब्ध कराए गए इन लैपटॉप्स का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और डिजिटल शिक्षा को अधिक सुलभ व प्रभावी बनाना है।

इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य वक्ता Rtn. विजय कुमार ढल ने “ई-वेस्ट और डिजिटल लर्निंग” विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरे) के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ-साथ कचरे का उचित प्रबंधन और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

वहीं, कायरा होप फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं प्रमोटर Rtn. अविनाश तनेजा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों के भीतर नया उत्साह भरा। उन्होंने छात्रों को जीवन में ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने ‘विज़ुअलाइज़ेशन’ (Visualization) की शक्ति पर जोर देते हुए कहा, “अपनी सोच को सच में बदलने का मूल मंत्र यही है कि आप अपने सपनों को साकार होते हुए देखें और उसी दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करें।”

इनर व्हील चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल की प्रेसिडेंट सरवानी दत्ता ने कायरा होप फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीक के बिना शिक्षा का मार्ग कठिन है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये लैपटॉप विद्यार्थियों के ज्ञान-विस्तार में मील का पत्थर साबित होंगे।

कार्यक्रम में सुरेंद्र खन्ना, अनीता मिड्डा, विरेंद्र कौर, मोनिका गुप्ता, एनआरआई सुदर्शन गर्ग तथा कमलेश गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया।

Author

Related Articles

Back to top button