थूकने के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग आरोपी हिरासत में

कटनी। जिले के बरगवां क्षेत्र में थूकने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ अली (30) पुत्र मोहम्मद मुमताज अहमद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला था और बरगवां क्षेत्र में संजय बजाज के ऑफिस के पास रह रहा था।
बताया गया कि रविवार रात आसिफ अपने ऑफिस के बाहर सड़क पर खड़े थे, तभी वहां मौजूद एक नाबालिग से उनका विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक सड़क पर थूकने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान नाबालिग ने चाकू से आसिफ की जांघ पर वार कर दिया।
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण आसिफ को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













