रंगपंचमी पर शिव मंदिर परिसर में हुआ होली मिलन समारोह, फाग और गुलाल से गूंजा सरई बाजार

सरई। रंगपंचमी के पावन अवसर पर नगर परिषद सरई के उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता (बल्ली भैया) द्वारा सरई बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।समारोह के दौरान पूरा परिसर फागुनी रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया।
महिलाओं ने पारंपरिक होली गीतों की मधुर प्रस्तुतियां दीं, वहीं पुरुषों ने देशी फाग गाकर लोक संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम में बच्चों की भी विशेष भागीदारी रही। बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगों के साथ होली का आनंद लिया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन के अंत में सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।कार्यक्रम में नगर के कई गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समारोह का उद्देश्य नगरवासियों के बीच प्रेम, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा।













