सिंगरौली में बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल; पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बोदा में एक बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार की है, जबकि इसका वीडियो सोमवार को सार्वजनिक हुआ।
वायरल वीडियो में गांव का ही युवक रामसेवक गांव के बुजुर्ग राम विशाले बैगा को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में बुजुर्ग लाचार हालत में जमीन पर पड़े नजर आते हैं और आरोपी लगातार उन पर प्रहार करता रहता है। हैरानी की बात यह है कि मारपीट के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर बुजुर्ग को बचाने की कोशिश नहीं की।
चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी के अनुसार मामला उनके संज्ञान में आ गया है। हालांकि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने बुजुर्ग के साथ मारपीट क्यों की। दोनों के बीच किसी पुराने विवाद या रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर घटना की असली वजह जानने का प्रयास कर रही है।













