सासन पावर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की धूम, 700 से अधिक महिलाओं की सहभागिता

सिंगरौली। सासन पावर लिमिटेड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तियरा टाउनशिप स्थित भव्य ऑडिटोरियम में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से 700 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।
यह कार्यक्रम सासन पावर लिमिटेड के सीईओ सचिन मोहापात्रा के नेतृत्व और स्टेशन डायरेक्टर सुब्रतो घोष के मार्गदर्शन में चल रहे सीएसआर कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना नागेंद्र सिंह रहीं, जबकि जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सिमरन वाधवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई प्रेरक व्यक्तित्वों ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में डीएवी स्कूल के बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्साह से भर गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अंत में कंपनी प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों और महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।













