बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसीधी

सीधी मे कार्यक्रम के दौरान चली गोली, युवती की मौत; आरोपी फरार

 

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मवई में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से युवती की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका रितिका सिंह निवासी ग्राम पिपरा थाना गोविंदगढ़ जिला रीवा अपने भाई उदय सिंह के साथ मौसी के दामाद मृगेंद्र सिंह के घर ग्राम मवई आई थी। यहां मौसी की बेटी स्वाति सिंह के बेटे के जन्म के बाद गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

बताया गया कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते हुए परिवार के लोग बच्चे को लेकर घर पहुंच रहे थे। इसी दौरान गांव का ही युवक ऋषि सिंह शराब के नशे में बंदूक लहराते हुए वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने पास से गुजर रही रितिका को बुलाया और जैसे ही वह पीछे मुड़ी, आरोपी ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही रितिका मौके पर गिर गई।

परिजन तत्काल उसे गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई उदय सिंह ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की जानबूझकर हत्या की गई है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर रही है कि यह जानबूझकर की गई हत्या है या हर्ष फायरिंग के दौरान गोली चली है।

Author

Related Articles

Back to top button