खाता चेक करवाने गए उपभोक्ता से कियोस्क संचालक ने की ठगी…

खाता चेक करवाने गए उपभोक्ता से कियोस्क संचालक ने की ठगी…
मामला कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत जूरी के कियोस्क सेंटर का…
सीधी
जिले की भोली भाली जनता के साथ ठगी करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, आए दिन ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कियोस्क सेंटरों की कारस्तानी उजागर हो रही है बावजूद इसके इसे रोकने ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही है। कुछ इसी तरह का मामला कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजर नौढीया निवासी का सामने आया है, जहां लालमन बैगा पिता महाबोध बैगा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आने वाली राशि की जानकारी लेने 14 जुलाई 2025 को जूरी में संचालित यूनियन बैंक के कियोस्क सेंटर संचालक दयाराम कुशवाहा के पास पहुंचा था, कियोस्क संचालक ने उसकी अज्ञानता का लाभ उठाते हुए खाता चेक करने के नाम पर आधार कार्ड मांगकर फिंगर मशीन में तीन बार अंगूठा लगवाया और बाद में ये कह दिया कि अभी तुम्हारे खाते में पैसा नहीं आया है और उधर लालमन बैगा के खाते से 25-25 हजार करके तीन बार में 75 हजार रुपए पार कर दिया।
यही नहीं जब कुछ दिन बीत गए तो लालमन बैगा फिर अपने खाते को चेक करवाने 05 अगस्त को कियोस्क संचालक दयाराम कुशवाहा के पास पहुंच गया, दयाराम कुशवाहा ने इस बार फिर लालमन को धोखा देते हुए उसका दो बार अंगूठा फिंगर मशीन में लगवाया और कह दिया अभी भी पैसा तुम्हारे खाते में नहीं है और उधर लालमन के खाते से दो बार अंगूठा लगवा कर 50000 हजार रुपए पार कर दिया।
सचिव ने खोली पोल
कुसमी थाना प्रभारी को दिए गए शिकायती आवेदन के अनुसार लालमन बैगा द्वारा दो बार अपने खाते में पैसा आने की जानकारी लेने के बाद जब उसे कियोस्क संचालक द्वारा यह कहा गया कि अभी पैसा नहीं आया है तो वह अपने ग्राम पंचायत के सचिव बंशगोपाल सिंह के पास गया, सचिव ने लालमन बैगा की आवास आईडी से चेक किया तो बताया कि 07 जुलाई को 75000 हजार रुपए एवं 04 अगस्त को 25000 हजार रुपए तुम्हारे खाते में चला गया है। जिसकी जानकारी मिलने पर लालमन रौहाल के कियोस्क सेंटर पर जाकर खाता चेक करवाया तो पता चला कि उसके साथ खेला हो गया है।
कियोस्क संचालक हुआ गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए कुसमी थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने पीड़ित लालमन बैगा के द्वारा दिए गए आवेदन अनुसार जांच कराई गई और जब जांच में तथ्य सामने आया तो कियोस्क संचालक जूरी दयाराम कुशवाहा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कियोस्क संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।













