चंडीगढ़ में बिगड़ते हालात पर बड़ा अलर्ट राष्ट्रहित में कार्यकर्ताओं को मिल रही जान से मारने की धमकियां, केंद्र से तत्काल सुरक्षा की मांग

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में तेजी से बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने बड़ा अलर्ट जारी करते हुए देश के प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते अपराध, नशे का प्रसार और गैंगस्टर गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह स्थिति केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी गहरे प्रभाव पड़ सकते हैं।
उन्होंने खुलासा किया कि राष्ट्रहित में कार्य करने वाले कई सामाजिक एवं राष्ट्रवादी व्यक्तियों को खालिस्तानी तत्वों और विदेशी आतंकवादी संगठनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
महंत मनोज शर्मा ने यह भी आशंका जताई कि देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में बढ़ रहे नशे और संगठित अपराध कहीं सुरक्षा तंत्र की कमजोरियों को परखने की साजिश तो नहीं हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि ऐसे सभी व्यक्तियों को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए, चंडीगढ़ सहित संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए तथा खुफिया एजेंसियों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रखते हुए ठोस कार्रवाई की जाए।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।













