रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव, डबल सिलेंडर वालों को अब 35 दिन का इंतजार

जबलपुर: रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि 25 दिन से बढ़ाकर अब 35 दिन कर दी है। हालांकि सिंगल सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि फिलहाल 25 दिन ही रहेगी। नए नियम प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के पास दो सिलेंडर हैं, उन्हें अब अगली बुकिंग के लिए 35 दिन का इंतजार करना होगा। वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह अवधि 45 दिन तय की गई है। 10 किलो वाले कम्पोजिट सिलेंडर की बुकिंग 18 दिन बाद की जा सकेगी।
नए नियमों के तहत बुकिंग की समय सीमा पिछली डिलीवरी की तारीख से तय होगी, न कि बुकिंग की तारीख से। तय समय से पहले बुकिंग करने पर सिस्टम अपने आप रिक्वेस्ट को ब्लॉक कर देगा।
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर शहरी उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, खासकर उन परिवारों पर जिनके पास डबल सिलेंडर कनेक्शन है। पहले जहां गैस आसानी से उपलब्ध हो जाती थी, अब उन्हें अतिरिक्त 10 दिन का इंतजार करना होगा।
छोटे सिलेंडरों के लिए भी नियम बदले गए हैं। 5 किलो सिलेंडर के लिए 9 से 16 दिन और 10 किलो सिलेंडर के लिए 18 से 32 दिन की अवधि तय की गई है। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति फिलहाल सिर्फ आपात सेवाओं और शिक्षण संस्थानों तक सीमित रखी गई है।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे तय समय सीमा के बाद ही बुकिंग करें, अन्यथा उनकी रिक्वेस्ट स्वतः निरस्त हो जाएगी। किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क किया जा सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में बुकिंग अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इन बदलावों का उद्देश्य गैस की खपत को नियंत्रित करना और सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है।













