ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में फर्नीचर दुकानों और कारखाने में भीषण आग, लाखों का नुकसान

जबलपुर: जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे फर्नीचर दुकानों और एक कारखाने में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक फर्नीचर दुकान और उससे जुड़े कारखाने से हुई, जो तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। इस दौरान साहू फर्नीचर और क्लासिक फर्नीचर समेत कई प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए 7 दमकल वाहन और 8 पानी के टैंकर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया और इसे अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक दुकान में करीब 10 लाख रुपए के फर्नीचर के नुकसान का अनुमान है, जबकि क्लासिक फर्नीचर को करीब एक करोड़ रुपए तक का नुकसान हुआ है। अन्य दुकानों में भी भारी क्षति की बात सामने आ रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button