देऊरा गांव में जुए का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
रात में ताश पर हजारों रुपये का दांव लगाने का आरोप

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के देऊरा गांव में जुआ खेले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में करीब 15 से 20 लोग रात के समय जमीन पर पीली प्लास्टिक बिछाकर ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं, जिससे अपराध और असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर सीएसपी पी.एस. परस्ते ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो सिंगरौली जिले के किस थाना क्षेत्र का है।सीएसपी परस्ते के अनुसार, वीडियो की पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जुआखोरी के खिलाफ पुलिस पूर्व में भी कार्रवाई कर चुकी है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।













