पी एम सूर्य घर योजना से बचत एवं आत्मनिर्भरता – विश्वामित्र पाठक

सिंगरौली- विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत देवसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यशाला विश्वामित्र पाठक विधायक विधानसभा क्षेत्र सिहावल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। शिविर में ओ.पी.द्विवेदी कार्यपालन यंत्री सिंगरौली ग्रामीण ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन से लेकर लागत,सब्सिडी एवं तकनीकी बिंदुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वामित्र पाठक विधायक विधानसभा क्षेत्र सिहावल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत चल रहे सेवा सेतु कार्यक्रमों की कड़ी में आज यह अभिनव कार्यक्रम आयोजित है।इस योजना में स्वच्छ, सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक परिवार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास है।उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए सरकार द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे आम नागरिकों को बिजली के खर्च में बचत, आत्मनिर्भरता मिलने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि आप लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा योजना के प्रावधानों एवं उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी दी गई।
योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में योजना से लाभान्वित हितग्राहियों द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए संयंत्र स्थापित कराने से हो रही बचत एवं इसके फायदों से अवगत कराया।
इस अवसर पर रमापति साहू मंडल अध्यक्ष मंडल जियावन ,ठाकुर प्रसाद द्विवेदी , परशुराम तिवारी , विनोद कुमार साहू ,लाल प्रताप राठौड़ ,बाबूलाल प्रजापति ,राजेंद्र सोनी , राजेंद्र गुप्ता , विजय गुप्ता , रितेश सिंह जे.ई.,विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उपभोक्तागण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।













