रेत से लदा हाइवा नहीं छूटने पर सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाके में लगा दी आग
तीन नामजद समेत अन्य पर FIR

सिंगरौली-बरगवां थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन से जुड़ा मामला गंभीर विवाद में बदल गया है। सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाके पर पहुंचकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और आग लगाने के आरोप में बरगवां पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एफआईआर क्रमांक 0675/2026 में सत्यांश पाठक, प्रभु पाठक और अनुपम द्विवेदी समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 296(b), 326(g) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार पटेल को सौंपी गई है।
हाइवा पकड़े जाने के बाद बढ़ा विवाद
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार 24 सितंबर को रेत से लदा हाइवा क्रमांक MP19ZB7267 पकड़ा गया था। शिकायत में वाहन के पास वैध ई-टीपी नहीं होने की बात कही गई है। इसकी सूचना खनिज विभाग को दिए जाने के बाद कार्रवाई की गई। इसके बाद हाइवा छुड़ाने के लिए कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के माध्यम से प्रयास किए जाने की चर्चा है, लेकिन वाहन नहीं छूटने के बाद विवाद बढ़ने का आरोप है। एफआईआर के मुताबिक 25 सितंबर की रात करीब 1 बजे सत्यांश पाठक, प्रभु पाठक, अनुपम द्विवेदी समेत अन्य लोग चारपहिया वाहन से सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाका चेक पोस्ट पहुंचे।आरोप है कि वहां कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई, रेत नाके में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरे को उखाड़कर फेंकने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।अब पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और आगजनी व तोड़फोड़ में किसकी क्या भूमिका रही।













