किसान कल्याण और कृषि विकास के संकल्प के साथ आयोजित हुआ बलराम कृषि महोत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से किया सीधा संवाद, कृषि विविधता और श्रीअन्न उत्पादन की सराहना

आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और खाद्य प्रसंस्करण से आय बढ़ाने पर दिया जोर
प्रगतिशील किसानों को सम्मान और हितग्राहियों को ऋण एवं विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
सिंगरौली/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि उपज मंडी के प्रांगण में आयोजित किसान कल्याण और कृषि विकास के संकल्प के साथ बलराम कृषि महोत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को वीसी के माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए सिंगरौली जिले की कृषि विविधता और श्रीअन्न के उत्पादन की सराहना की। साथ ही उपस्थित किसानों को कृषि कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली खनिज उत्पादन के साथ-साथ कृषि उत्पादन के क्षेत्र में भी अपना योगदान दे रहा है। सिंगरौली की कोदो-कुटकी उत्पादन की विशेषता को मद्देनजर रखते हुए श्रीअन्न पर एमएसपी लागू किया गया है। सिंगरौली क्षेत्र में राइस मिल, ऑयल मिल, आटा मिल, दुग्ध उत्पादन जैसी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। आने वाले समय में हल्दी, अदरक, धनिया आदि मसालों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली जिले को मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, माइनिंग कॉलेज के साथ-साथ फोरलेन सड़क की सौगात मिली है। आने वाले समय में भी सिंगरौली जिले को विकास की कई सौगातें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राज्य में पीएम सुगम बस सेवा प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से इंटरसिटी एवं इंट्रासिटी परिवहन की सुगम सुविधा मिलेगी। बस सेवाओं के अंतर्गत ई-बसें भी चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 1500 बसों को हरी झंडी दिखाई गई है। आने वाले समय में बसों की संख्या बढ़ाकर 15 हजार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से सिंचित क्षेत्रों के रकबे में बढ़ोतरी की जा रही है। आधुनिक तकनीक एवं योजनाओं के माध्यम से किसानों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाई जा रही है। किसानों की फसलों की सुगम सिंचाई हेतु उन्हें दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे रात में खेती की सिंचाई करने से किसानों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कृषि के साथ मुर्गी पालन, पशुपालन, बकरी पालन एवं मत्स्य पालन को आय के अतिरिक्त साधन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में समितियां गठित कर दुग्ध उत्पादन एवं खरीदी का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों के घर खेत में बने हैं, अब उनका भी पंजीयन किया जाएगा, ताकि किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का भी लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसान कल्याण के लिए अग्रणी है। आधुनिक कृषि संसाधनों एवं किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों के विकास के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा को सेवा संकल्प के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से जिले में कृषि के रकबे में विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पीएम सुगम बस सेवा की सौगात के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की विकसित राष्ट्र के रूप में पहचान बन रही है। कार्यक्रम में सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री रामनिवास शाह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड सहित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी तथा कृषकों को आगे आकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत बीज, नवीन कृषि तकनीक, आधुनिक कृषि पद्धतियों और फसल प्रबंधन की जानकारी दी। उत्पादन एवं आय बढ़ाने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया गया। विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉलों पर उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से भी कृषि विकास का संदेश दिया गया।
प्रगतिशील किसानों ने साझा किए अनुभव
आधुनिक एवं मिश्रित खेती के माध्यम से आय में हो रही वृद्धि के संबंध में किसान श्री राजेन्द्र प्रसाद बैस, श्री पुष्पराज बैस, श्री आशीष शाह एवं श्रीमती रीता शाह ने अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने बताया कि प्राकृतिक खेती उनके लिए किस प्रकार लाभकारी सिद्ध हो रही है। वहीं, श्री बाबू भाई सोनी ने पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत प्रारंभ किए गए डेयरी प्लांट से प्राप्त अनुभव मुख्यमंत्री जी के साथ साझा किए।कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती, दाल उत्पादन, सब्जी उत्पादन, राइस मिल, पशुपालन, मत्स्यपालन, कस्टम हायरिंग सेंटर, के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानो को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 12 कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में बैढ़न के नितेश कुमार प्रजापति, चितरंगी की शिवांसी तिवारी, रिया सिंह बैस, इंद्रावती बैस तथा देवसर के सरोज सिंह बैस शामिल हैं।
हितग्राहियों को ऋण एवं योजनाओं का लाभ
संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। PMFME योजना के अंतर्गत ग्राम गड़ेरिया, वैढ़न निवासी श्री अजय पाल को राइस मिल के लिए 12 लाख 640 रुपये, श्री राममणि यादव को आटा मिल के लिए 9 लाख 98 हजार 280 रुपये तथा ग्राम कचनी, बेलौहाटोला निवासी श्री राजेश कुमार शाह को ऑयल मिल के लिए 9 लाख 99 हजार 460 रुपये की बैंक स्वीकृति के पत्र प्रदान किए गए। इसी क्रम में किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित नवानगर के ग्राम कछनी निवासी श्री मुन्ना लाल शाह को 1 लाख 80 हजार रुपये, श्री रामसगुन शाह को 1 लाख 65 हजार रुपये एवं श्री रामसागर शाह को 1 लाख 42 हजार रुपये तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति तियरा के अंतर्गत ग्राम काम एवं हिरवाह निवासी श्री पुष्पराज बैस को 1 लाख 42 हजार रुपये, श्री रामेश्वर सिंह को 1 लाख 88 हजार रुपये एवं श्री कृष्ण बिहारी बैस को 1 लाख 88 हजार रुपये की राशि स्वीकृत किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री पंचूलाल प्रजापति, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा श्री जयपाल सिंह चावला, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा श्री कप्तान सिंह यादव, प्रदेश संयोजक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ श्री कपिल यार्दे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गोयल, पूर्व विधायक श्री रामलल्लू बैस, पूर्व महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिलीप शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा श्री प्रवेन्द्र धर द्विवेदी, प्रदेश सदस्य किसान मोर्चा श्री वीरेन्द्र पाठक, उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।













