बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों हिर्रवाह एवं तेलगवा का निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण

सुरक्षा, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

सिंगरौली,। गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने शुक्रवार को हिर्रवाह एवं तेलगवा स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पर्व से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां मजबूत एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग कराने, निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था स्पष्ट एवं व्यवस्थित रखी जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाए। रात्रिकालीन विसर्जन को ध्यान में रखते हुए घाटों एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त एवं निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य तत्काल पूर्ण कराने, मार्गों से अवरोध हटाने तथा आवागमन को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था के लिए पर्याप्त सफाई अमला तैनात करने, पूजन सामग्री के पृथक संग्रहण हेतु ‘अर्पण कलश’ उपलब्ध कराने तथा विसर्जन के दौरान एवं उसके पश्चात घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि विसर्जन के बाद घाटों पर पूजन सामग्री अथवा अन्य अपशिष्ट जमा न रहे और उसका निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप तत्काल निपटान किया जाए।

नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विसर्जन पर्व के दौरान अपने निर्धारित दायित्वों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें, सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन में सहयोग प्रदान करें।

Author

Related Articles

Back to top button