सांसद ने लोकसभा में उठाया संवेदनशील मुद्दा, प्रवासी मृतकों के पार्थिव शरीर लाने के लिए योजना की मांग

सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान एक महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रवासी नागरिकों के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को गृह क्षेत्र तक लाने में आने वाली कठिनाइयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद ने बताया कि सीधी, सिंगरौली और ब्यौहारी क्षेत्र के अनेक लोग रोजगार, व्यवसाय या इलाज के लिए अन्य राज्यों में जाते हैं। कई बार दुर्घटना या बीमारी के कारण उनका निधन हो जाता है, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को घर लाने में परिजनों को भारी आर्थिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति विशेष रूप से गरीब परिवारों के लिए अत्यंत कष्टदायक होती है, क्योंकि ऐसे समय में वे आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होते। सांसद ने अपने क्षेत्र के कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए इस समस्या की गंभीरता को सदन के सामने रखा।
डॉ. मिश्रा ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस समस्या के समाधान के लिए एक विशेष योजना बनाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि इसके लिए अलग से बजट प्रावधान किया जाए या इसे आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शामिल किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को त्वरित सहायता मिल सके।
सांसद के इस प्रस्ताव को क्षेत्रीय जनता ने सराहनीय बताया है। लोगों का कहना है कि यदि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाते हैं, तो संकट की घड़ी में हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिल सकेगी।













