सिंगरौली पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 112 प्रकरण दर्ज
विशेष अभियान में 585 लीटर शराब जब्त, 1 लाख से अधिक की कीमत; सभी थाना क्षेत्रों में चला सघन अभियान

सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 प्रकरण दर्ज किए और 112 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की। अभियान के दौरान कुल 585 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में सघन कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के प्रयास किए गए। जब्त शराब में 126 लीटर देशी शराब, 12 लीटर विदेशी शराब और 447 लीटर कच्ची (हाथ भट्ठी) शराब शामिल है।पुलिस की यह कार्रवाई सरई, लंघाडोल, बैढ़न, बरगवां, माड़ा, मोरवा और नवानगर थाना क्षेत्रों में विशेष रूप से प्रभावी रही।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध कारोबार पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया जा सके।













