मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश कार से टकराए, दो पकड़े गए, एक मोबाइल लेकर हुआ फरार

सिंगरौली। शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल तिराहे के पास शनिवार को दिनदहाड़े मोबाइल छिनैती की वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवती से मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर उनकी बाइक एक कार से टकरा गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दौड़कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक घटना में प्रयुक्त बाइक मौके पर छोड़कर छीना गया मोबाइल लेकर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने पकड़े गए दोनों युवकों की जमकर पिटाई भी कर दी।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पीड़िता शिवानी सिंह ने बताया कि वह रास्ते में मोबाइल पर भजन सुनते हुए जा रही थी, तभी बाइक सवार तीन युवक पास से निकलते हुए उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपियों का पीछा किया।
भागने के दौरान बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई, जिससे दो आरोपियों को चोटें आईं। हादसे में कार का साइड हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक भी शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा है।
कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।













