जुगाड़ वाहनों पर सख्त कार्रवाई से रुकेगी दोपहिया चोरी: महंत मनोज शर्मा

चंडीगढ़। विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने देशभर में बढ़ रही स्कूटर एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर ठोस कदम उठाने की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि देश में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इन चोरी की घटनाओं के पीछे जुगाड़ से बनाए गए अवैध वाहनों (जैसे रेडी, ट्रॉली आदि) का बड़ा हाथ हो सकता है, जिनमें चोरी किए गए स्कूटर या मोटरसाइकिल के इंजन का उपयोग किया जाता हों।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इस समस्या के समाधान हेतु देशभर में विशेष जांच अभियान चलाया जाए, खासकर गांवों और छोटे शहरों में जहां जुगाड़ वाहनों का अधिक प्रचलन है। इसके तहत ऐसे सभी वाहनों की सघन जांच की जाए जिनमें दोपहिया वाहनों के इंजन लगे हों।
महंत शर्मा ने सुझाव दिया कि वाहन चालकों से इंजन नंबर, रजिस्ट्रेशन सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्य जांच की जाए। जिन वाहनों के पास वैध कागजात नहीं हों, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिनके पास दस्तावेज उपलब्ध हों, उनके खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाए, क्योंकि जुगाड़ वाहन सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो देशभर में स्कूटर एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
महंत मनोज शर्मा ने केंद्र सरकार से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।













