देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चारमीनार एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, बड़ा हादसा टला

हैदराबाद। तेलंगाना के अलेर रेलवे स्टेशन के पास रविवार 26 अप्रैल की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चारमीनार एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई। ट्रेन जैसे ही स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, कोच से उठते धुएं को देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घबराकर ट्रेन से नीचे उतरने लगे।

जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले ट्रेन के S5 डिब्बे में लगी थी। स्थिति को भांपते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत ट्रेन को स्टेशन के पास ही रोक दिया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, इस हादसे के चलते इस रूट पर रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि तकनीकी जांच और सुरक्षा क्लीयरेंस मिलने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button