दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र की दनुआ घाटी में शनिवार 25 अप्रैल की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और किसी को बचने का मौका नहीं मिला।
मृतकों में बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत शिव कुमार भुइयां (45), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बेटी सोनी (12), सुहानी (9), साले का बेटा प्रेम (7) और उनके ससुर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार कार से गया जिले के आमस में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
दो भारी वाहनों के बीच फंसी कार
हादसा दनुआ घाटी के जोडऱाही पुल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार अचानक आगे चल रहे एक ट्रेलर के पीछे जा घुसी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने भी जोरदार टक्कर मार दी। दो भारी वाहनों के बीच दबने से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए।
गैस कटर से निकाले गए शव
घटना इतनी भीषण थी कि कार में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर और अन्य उपकरणों का उपयोग कर शवों को बाहर निकाला गया। शवों की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत थी।
इलाके में लगातार बढ़ रहे हादसे
गौरतलब है कि दनुआ घाटी क्षेत्र अब हादसों के लिए कुख्यात होता जा रहा है। पिछले चार दिनों में यहां यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना बताई जा रही है। घने अंधेरे, खतरनाक मोड़ और तेज रफ्तार को इस हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
घर में अकेला रह गया बेटा
इस हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया है। अब परिवार में केवल शिव कुमार का बेटा रंजीत कुमार ही बचा है, जो उस समय घर पर ही रह गया था। घटना की सूचना मिलते ही बुदौरा कॉलोनी समेत पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।













